Monday 24 September 2018

आस्तिक को सब पहले से पता है

आस्तिक को सब पहले से पता है, उसके पापा बता गए हैं। उसे बचपन से ही सब पता है।
नास्तिक बचपन से ही पढ़ने में कमज़ोर रहा। उसके पापा भी उससे बात ही नही करते थे सो वह बड़ा होकर भी संदेह के घेरे में है।
आस्तिक को सब पता है सो वह प्रसन्न है। उसे कोई दुःख नहीं है। वह हर समय अपने आप को परमात्मा की गोद मे बैठा हुआ पाता है।
नास्तिक को कुछ नहीं पता, वह अभी पहली कक्षा में है। पढ़ाई में अच्छा निकला तो स्नातक उपाधि धारी नास्तिक बन सकता है। पर बेचारा परेशान है, इस विषय को पढ़ाने के लिए गुरु जी ही नही मिल रहे। एक मिले थे जो कक्षा में बड़ी-बड़ी फेक रहे थे, सोमवार को पिंडी पर जल चढ़ाते हुए पकड़े गए।
आस्तिक को लोक का भी ज्ञान है, परलोक का भी। उसे पता है कि स्वर्ग में अप्सराएं मिलेंगी और नरक में तेल के कढाये। उसे पता है कि स्वर्ग में अमृत बटता है और नरक में दारू - जुए के अड्डे हैं। आस्तिक इसलिए हमेशा स्वर्ग ही जाना चाहता है। बल्कि जुगाड़ में रहता है कि सीधे मोक्ष का ग्रीन कार्ड बन जाये।
नास्तिक ससुरा कुछ तय नहीं कर पाता। उसे कामुक अप्सराएं भी लुभाती हैं और दोस्तों के साथ मदिरापान और ताश के पत्ते भी।
आस्तिक को नैनो टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम फिजिक्स का भी ज्ञान है और वह सेलुलर माइक्रोबायोलॉजी का भी बड़ा ज्ञाता है। इसके पूर्वज तो अंतर्ध्यान होने और अगले ही पल दुनिया मे कहीं भी प्रकट होने की कला जानते थे। मध्यकालीन आक्रांताओं के कारण कुछ ज्ञान विलुप्त हो गया है। वह कैंसर होने पर रेडियोथेरेपी नही कराता, महामृत्युंजय मंत्र का जाप करता है। बच जाने पर प्रभु को धन्यवाद देता है, निपट जाने पर स्वर्ग के आनंद लेता है।
नास्तिक को कुछ नही पता। वह सारे ज्ञान-विज्ञान की समझ होने का दावा करता फिरता है, लेकिन जानता कुछ भी नहीं है। कई बार तो वह अपनी ही किसी खोज को कुछ दिन बाद खारिज़ कर देता है और फिर वहीं पहुंच जाता है,जहां से चला था। कैंसर होने पर वह वेबकूफ अस्पतालों के चक्कर लगाता फिरता है।
आस्तिक सदाचारी है, पुण्यात्मा है, चोरी नहीं करता, झूठ नही बोलता, लड़कियों को देवी मानता है, दहेज़ नहीं लेता, रिश्वत नहीं लेता।
नास्तिक चोर है, कमीना है, झूठा है, लड़कियां छेड़ता है, दहेज़ लेता है, भ्रस्टाचारी है।
बड़े दुःख की बात है, यह दुनिया नास्तिकों से भरी हुई है।

- जुलाई 2018

No comments:

Post a Comment